देश और दुनिया भर में आज क्रिसमस की धूम है। भारत समेत दुनिया भर में क्रिसमस का त्यौहार मनाया जा रहा है। देश की राजधानी दिल्ली, कोलकाता, गोवा, मुंबई, बैंगलोर सहित तमाम छोटे बड़े शहरों में चर्च सजाए गए हैं। शनिवार रात को चर्चों में ईसा मसीह के जन्मदिन के मौके पर प्रार्थनाएं की गईं।
राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील, उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने क्रिसमस की पूर्व संध्या पर राष्ट्र को बधाई दी। पाटील ने अपने बधाई संदेश में कहा कि यह आनंद, उल्लास, उम्मीद और खुशहाली का अवसर है। उन्होंने कहा कि मैं क्रिसमस के इस अवसर पर सभी राष्ट्रवासियों को बधाई व शुभकामनाएं देती हूं। प्रभु यीशु के प्रेम, बलिदान, करुणा, सेवा, साहस और मानवता, शांति और सद्भाव के संदेश को प्रकट करता है। मनमोहन सिंह ने अपने संदेश में कहा कि मैं कामना करता हूं कि यह त्योहार दुनियाभर के लोगों के दिलों में खुशियां भर दे और उनमें उम्मीद जगाए रखे। 
उधर ईसाईयों के धर्म गुरू पोप बेनेडिक्ट 16 ने क्रिसमस के व्यावसायीकरण की कड़ी आलोचना की है।क्रिसमस की पूर्व संध्या पर रोम में सेंट पीटर बैसेलिका में आयोजित सभा में उन्होंने श्रद्धालुओं से कहा कि इस अवसर को सतही तड़क-भड़क से दूर करके देखें।पोप ने श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि वो जीजस के जन्म की कहानी पर ही ध्यान केंद्रित करें और सच्चे आनंद व प्रकाश की खोज करें। पूरे विश्व में बढ़ रही हिंसक घटनाओं पर खे़द जताया और ग़रीबी व अभाव की ज़िदगी जी रहे लोगों के लिए प्रार्थना की।



