मीरपुर। सचिन तेंदुलकर (114) का बहुप्रतीक्षित महाशतक तो पूरा हो गया, लेकिन पांच बार के चैंपियन भारत को एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट में आज यहां मेजबान बांग्लादेश के हाथों बेहद रोमांचक मुकाबले में पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा
भारत ने सचिन के महाशतक और विराट कोहली (66) तथा सुरेश रैना (51) के अर्धशतकों से पांच विकेट पर 289 रन का मजबूत स्कोर बनाया, लेकिन बांग्लादेश ने जांबाज प्रदर्शन करते हुए 49.2 ओवर में पांच विकेट खोकर 293 रन बनाते हुए जीत हासिल कर ली। सलामी बल्लेबाज तमीम इकबाल ने 70, नासिर हुसैन ने 54, जहुरूल इस्लाम ने 53, शाकिब अल हसन ने 49 और मुशफिकुर रहीम ने नाबाद 46 रन बनाए।
बांग्लादेश को अंतिम तीन ओवर में जीत के लिए 33 रन की जरूरत थी। शाकिब ने पारी के 48वें ओवर में इरफान पठान की गेंदों पर लगातार दो छक्के मारे और फिर अगले ओवर में प्रवीण की पहली गेंद पर चौका और दूसरी गेंद पर छक्का मारकर मेजबान टीम की जीत के करीब पहुंचा दिया। अशोक डिंडा की गेंद पर महमूदुल्ला ने जैसे ही विजयी चौका मारा खचाखच भरे शेरे बंगला नेशनल स्टेडियम में जश्न का दौर शुरू हो गया।
भारत को फाइनल में पहुंचने के लिए अब पाकिस्तान के खिलाफ रविवार को होने वाला मैच हर हाल में जीतना होगा। बांग्लादेश ने भी इस जीत के साथ फाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को बनाए रखा है। उसे अपना अंतिम लीग मैच श्रीलंका के साथ खेलना है। पाकिस्तान पहले ही फाइनल में जगह बना चुका है।
जीत के लिए 290 रन के लक्ष्य करने उतरी मेजबान टीम की शुरूआत हालांकि अच्छी नहीं रही और नजीमुद्दीन पांच रन बनाकर प्रवीण की गेंद पर रोहित शर्मा के हाथों लपके गए, लेकिन नजीमुद्दीन को छोड़कर बांग्लादेश के हर बल्लेबाज ने उपयोगी पारियां खेलते हुए अपनी टीम को ऐतिहासिक जीत दिला दी। तमीम और जहुरूल ने संयम के साथ खेलते हुए दूसरे विकेट के लिए 113 रन जोड़े। जहुरूल 68 गेंदों में चार चौकों और एक छक्के की मदद से 53 रन बनाकर आउट हुए।तमीम ने 99 गेंदों में छह चौकों की मदद से सर्वाधिक 70 रन बनाए। उन्हें प्रवीण की गेंद पर रवीन्द्र जडेजा ने कैच किया। बांग्लादेश का तीन विकेट 34वें ओवर में 156 के स्कोर पर गिरा, लेकिन नासिर हुसैन और शाकिब अल हसन ने इसके बाद तेजी से रन बनाए और टीम के स्कोर को 42वें ओवर तक 224 तक पहुंचा दिया। इसी स्कोर पर शाकिब अश्विन की गेंद पर स्टंप हो गए। शाकिब ने 31 गेंदों में पांच चौके और दो छक्के उडाते हुए 49 रन बनाए।
नासिर हुसैन ने 58 गेंदों में पांच चौकों की मदद से 54 रन बनाए और वह टीम के 288 के स्कोर पर आउट हुए, लेकिन मुशफिकुर ने मात्र 25 गेंदों पर तीन चौके और तीन छक्के जड़ते हुए अपनी टीम को आसानी से जीत की मंजिल पर पहुंचा दिया। भारत की ओर से प्रवीण ने दस ओवर में 56 रन देकर तीन विकेट लिए। इरफान पठान ने नौ ओवर में 61 रन और डिंडा ने 5.2 ओवर में 38 रन लुटाए और उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। रविचंद्रन अश्विन और जडेजा को एक-एक विकेट मिला।इससे पहले सचिन ने 147 गेंदों में 12 चौकों और एक छक्के की मदद से अपना 100वां अंतर्राष्ट्रीय शतक बनाया। सचिन ने विराट के साथ दूसरे विकेट के लिए 148 रन और रैना के साथ तीसरे विकेट के लिए 86 रन जोड़े। विराट ने अपनी शानदार लय बरकरार रखते हुए 82 गेंदों की पारी में पांच चौके लगाए जबकि रैना ने 38 गेंदों की तेज तर्रार पारी में पांच चौके और दो छक्के लगाए। कप्तान महेंद्र सिंह धोनी 11 गेंदों में दो चौकों के सहारे 21 रन बनाकर नाबाद रहे। गौतम गंभीर 11 और रोहित शर्मा चार रन बनाकर आउट हुए।भारतीय पारी पूरी तरह सचिन के नाम रही जिन्होंने दृढ़ संकल्प के साथ खेलते हुए एक वर्ष के इंतजार के बाद अपना महाशतक पूरा किया। सचिन ने अपने 50 रन 63 गेंदों में सात चौके और एक छक्के की मदद से पूरे किए, लेकिन अगले 50 रनों के लिए वह काफी धीमे रहे। सचिन ने अर्धशतक के बाद अगले 50 रनों के लिए 75 गेंदें खेली और सिर्फ तीन चौके लगाए।अनुभवी बल्लेबाज 90 रन पार करने के बाद तो काफी धीमे हो गए थे और उन्होंने एक-एक रन लेकर शतकीय मंजिल पूरी की। सचिन के 100 रन 138 गेंदों में दस चौकों और एक छक्के की मदद से पूरे हुए। सचिन के एकदिवसीय करियर का यह 49वां और बांग्लादेश के खिलाफ पहला शतक था।अनुभवी बल्लेबाज भारतीय पारी के 47वें ओवर में मशरफे मुर्तजा की गेंद पर विकेटकीपर मुशफ्किुर रहीम को कैंच थमा बैठे। उनके आउट होने के समय भारत का स्कोर 259 था। सचिन शतक के पास कुछ धीमे हो गए थे वरना भारत का स्कोर 300 पार कर सकता था।पिछले मैच में शानदार शतक बनाने वाले विराट ने इस बार भी उम्दा बल्लेबाजी की और अर्धशतक बनाया। सचिन के साथ 86 रन की साझेदारी के दौरान रैना काफी तेजी के साथ खेले और उन्होंने अपने तेज अर्धशतक से भारतीय रन गति को गिरने नहीं दिया। धोनी ने आकर तेजी दिखाई और भारत को 289 पर पहुंचाया।बांग्लादेश की ओर से मुर्तजा ने 44 रन पर दो विकेट, शफीउल इस्लाम ने 24 रन पर एक विकेट और अब्दुर रज्जाक ने 41 रन पर एक विकेट लिया।


No comments:
Post a Comment