Tuesday, April 17, 2012

होम और कार लोन सस्ते होंगे


 रिजर्व बैंक 

नई दिल्ली-आम आदमी को महंगाई से राहत देने और विकास को गति देने के लिए रिजर्व बैंक ने आखिर कार प्रमुख ब्याज दरों में कटौती कर दी।मंगलवार को रेपो और रिवर्स रेपो दरों में आधा फीसदी की कटौती का ऐलान किया। तीन साल में पहली बार इन प्रमुख दरों में कटौती के बाद अब जल्द ही होम और कार लोन सस्ते होने की उम्मीद है। कई बैंक अगले एक हफ्ते में ब्याज दरों में कटौती का ऐलान कर सकते हैं।वार्षिक मौद्रिक नीति की घोषणा करते हुए आर बी आई ने रेपो दर में आधा फीसदी की कटौती कर इसे आठ फीसदी कर दिया है। रिवर्स रेपो दर भी 7.5 प्रतिशत से घटकर सात प्रतिशत हो गई है। वहीं, आरबीआई ने बैंक दर को आधा फीसदी घटाकर नौ फीसदी कर दिया है। जबकि नकद आरक्षित अनुपात (सीआरआर) में कोई बदलाव नहीं किया गया है।रिजर्व बैंक की ओर से प्रमुख दरें घटाने के ऐलान के बाद एसबीआई समेत तमाम बैंकों ने कहा कि वे इस कटौती का फायदा कर्ज पर ब्याज दरें कम कर ग्राहकों को देंगे। हालांकि जमाकर्ताओं को थोड़ी निराशा होगी क्योंकि उनके जमा पर ब्याज दरें भी कम हो सकती हैं।इससे पहले आरबीआई गवर्नर डी सुब्बाराव ने कहा कि प्रमुख दरों में कटौती का मकसद आर्थिक वृद्धि दर को बढ़ाकर नौ फीसदी पर ले जाना है। लेकिन उन्होंने कहा कि महंगाई अब भी सहज स्थिति में नहीं है, इसलिए निकट भविष्य में नीति गत दरों में कटौती की गुंजाइश नहीं बची है। रिजर्व बैंक ने मौजूदा वित्त वर्ष में आर्थिक वृद्धि दर 7.3 फीसदी पर रहने का अनुमान लगाया है, जबकि महंगाई दर 6.5 फीसदी के करीब रह सकती है।

No comments:

Post a Comment